Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बरसात का दौर समाप्त होते ही सड़कों की मरम्मत और टारिंग कार्य को गति दी जाएगी। विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 1500 किलोमीटर सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन का कार्य विभिन्न चरणों में चल रहा है। इसके अलावा बारिश थमते ही 120 करोड़ रुपये की लागत से करीब 800 किलोमीटर सड़कों की टारिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।भाजपा विधायक हंसराज के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सड़कों की गुणवत्ता सुधारने और समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने के लिए विभाग ने विस्तृत योजना तैयार की है। बरसात के कारण प्रभावित हुए कार्यों को भी मौसम साफ होते ही तेजी से पूरा किया जाएगा।

सड़कों की टारिंग के लिए आवश्यक बिटुमेन की खरीद से जुड़े वित्तीय अंतर को दूर करने के संबंध में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है। इससे विभाग को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी। चर्चा के दौरान मंत्री ने विधायक हंसराज से आग्रह किया कि जिन स्थानों पर भूमि संबंधी औपचारिकताएं लंबित हैं, वहां विभाग के नाम गिफ्ट डीड करवाने में जनप्रतिनिधि सहयोग करें, ताकि सड़क परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

By admin

Leave a Reply