शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सोमवार को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने प्रश्नकाल के दौरान सदन से वॉकआउट किया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और विधानसभा अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला।पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सदन में राष्ट्रगान के अपमान का गंभीर आरोप लगाया था। भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष से सदन की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन रिकॉर्डिंग नहीं दी गई।जयराम ठाकुर ने दावा किया कि रिकॉर्डिंग इसलिए सार्वजनिक नहीं की जा रही क्योंकि उसमें विपक्ष के किसी विधायक की ओर से राष्ट्रगान का अपमान किए जाने की बात सामने नहीं आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के बयान को सही साबित करने के लिए वीडियो को सामने नहीं लाया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकार पर प्रदेश हितों की अनदेखी करने और मित्रों के हितों को प्राथमिकता देने के आरोप लग रहे हैं।उन्होंने युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार, सरकारी संस्थानों, स्कूलों और अस्पतालों से जुड़े मुद्दे भी उठाए। आरोप लगाया कि सरकार ने अपने कार्यकाल में जनहित से जुड़े संस्थानों को बंद करने और लोगों को मिलने वाली सुविधाएं कम करने का काम किया है।नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा नेताओं और विधायकों के खिलाफ मामलों को लेकर भी सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, विकास और जनहित के मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।