Spread the love

शिमला 24 अप्रैल: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज जिला चम्बा के चुराह विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 146 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को समर्पित किया है। सीएम ने भंजराड़ू में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कोटला क्षेत्र के समीप मसरूंड में डिग्री कॉलेज, तीसा में राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बैरागढ़ तथा कोहल में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, कथल, बियाला तथा खंगुरू में प्राथमिक पाठशाला खोलने तथा कन्दला और भराधा में राजकीय उच्च पाठशालाओं को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में और तीन माध्यमिक पाठशालाओं को उच्च पाठशालाओं में स्तरोन्यन करने की घोषणा की। उन्होेंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए भंजराड़ू में पार्किंग का निर्माण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 146 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण तथा शिलान्यास उन लोगों के लिए उपयुक्त जवाब है, जो प्रदेश में अभूतपूर्व विकास पर प्रश्न उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद प्रदेश सरकार ने राज्य में तीव्र तथा समग्र विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश में ही विकासित की गई वैक्सीन को देश के लोगों को निःशुल्क प्रदान करने के फलस्वरूप ही सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को वैक्सीनेशन के संवेदनशील मुददे पर भी राजनीति करने की कोशिश की।

जय राम ठाकुर ने आप के समन्वयक अरविन्द केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केजरीवाल देवभूमि की परम्पराओं तथा संस्कृति से परिचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग मेहनती तथा विनम्र है और वे अपने नेताओं की बुराई बरदाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि दिल्ली के वातानुकुलित कमरों में रहने वाला एक व्यक्ति प्रदेश के लिए विकास के मॉडल पर बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग स्वयं समझदार हैं तथा वें अरविन्द केजरवाल के झूठे वायदों पर विश्वास नही करेंगेे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रत्येक दिन राज्य के विकास तथा जनता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रथम निर्णय वृद्धजनों के कल्याण के उद्देश्य से लिया गया था। उन्होंने कहा कि समाज के संवेदनशील वर्गों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर 1300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि व्यय की जा रही है जबकि कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान केवल 400 करोड़ रुपये व्यय किए गए थे। उन्होंने कहा कि सहारा योजना, हिमकेयर, जनमंच, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1100, गृहिणी सुविधा योजना, शगुन योजना इत्यादि ने निर्धनों तथा कमज़ोर वर्गों के जीवन को वास्तव में परिवर्तित किया है।

By admin

Leave a Reply