शिमला। हिमाचल प्रदेश के 28 लाख उपभोक्ताओं को पहली अप्रैल से सस्ती बिजली मिलेगी। बीते दिनों राज्य विद्युत विनियामक आयोग की ओर से जारी दरों की अधिसूचना बुधवार से प्रदेश में लागू होगी। बिजली सस्ती होने का सबसे अधिक लाभ औद्योगिक उपभोक्ताओं को होगा। जहां बहुत अधिक मात्रा में बिजली का प्रयोग होता है। आयोग ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बिजली बोर्ड की आपूर्ति की औसत लागत 6.75 रुपये प्रति यूनिट अनुमानित की है। जबकि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए यह 6.76 रुपये प्रति यूनिट थी। इस प्रकार, पिछले वर्ष की तुलना में वित्त वर्ष 2026-27 में एक पैसा प्रति यूनिट की कमी आई है। घरेलू उपभोक्ताओं को पहले की तरह 125 यूनिट निशुल्क बिजली मिलती रहेगी।
हिमाचल में महंगी होगी शराब, जारी होंगे नए रेट
प्रदेश में एक अप्रैल से शराब महंगी होगी। बुधवार को शराब कंपनियों की ओर से नए ठेका संचालकों को सप्लाई दी जाएगी। नई सप्लाई के साथ ही नए दाम भी घोषित होंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शराब के दाम 80 रुपये से 200 रुपये तक बढ़ सकते हैं। नए वित्त वर्ष के लिए सरकार ने पूर्व साल के मुकाबले 10 फीसदी अधिक रिजर्व प्राइज पर ठेकों की नीलामी की है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला के सभी ठेके तेलंगाना की एक कंपनी ने ले लिए हैं, अन्य जिलों में अभी आधे ही ठेके बिके हैं। अगर मंगलवार रात तक सभी शराब ठेके नीलाम नहीं हुए तो पुराने संचालकों को ही कुछ दिनों के लिए ठेके चलाने को दिए जाएंगे। प्रदेश में पहली बार खुदरा शराब ठेकों के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई है।