शिमला। भाजपा कोर ग्रुप ने निर्णय लिया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनांदोलन चलाया जाएगा। इसके लिए सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार की जाएगी और उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा। बता दें कि हिमाचल भाजपा कोर ग्रुप की महत्त्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय दीपकमल चक्कर में हुई। इसमें भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, सुरेश कश्यप, हर्ष महाजन,डॉ. सिकंदर कुमार सहित कोर ग्रुप के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि कोर ग्रुप ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, हाल ही में हुए पंचायती राज एवं शहरी निकाय चुनावों के परिणामों तथा आगामी संगठनात्मक एवं जनआंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और बागबानों से अनेक वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अधिकांश गारंटियां अधूरी रह गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का राशन महंगा किया गया, विकास कार्य ठप पड़े हैं, प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है, भ्रष्टाचार बढ़ा है और विभिन्न प्रकार के माफिया सक्रिय हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर जनता के बीच जाएगी तथा कांग्रेस सरकार की वास्तविकता को उजागर करेगी। कांग्रेस की सभी गारंटियां केवल चुनावी नारे बनकर रह गईं। न महिलाओं को आर्थिक लाभ मिला, न मुफ्त बिजली मिली, न दूध और गोबर खरीद की घोषणाएं धरातल पर उतरीं।
पंचायत-शहरी निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस नकारी
कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा नेताओं ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को व्यापक समर्थन एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल से पूरी तरह निराश है और उसने जनविरोधी तथा प्रदेश विरोधी नीतियों के विरुद्ध अपना जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में भी कांग्रेस की स्थिति अत्यंत कमजोर रही और वहां भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों को स्पष्ट समर्थन प्राप्त हुआ। चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने मेयर और डिप्टी मेयर के पद जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है। मुख्यमंत्री द्वारा 2027 में कांग्रेस की पुन: सरकार बनने के दावों पर डॉ. बिंदल ने कहा कि जिन मतदाताओं ने हाल ही में पंचायत चुनावों में कांग्रेस को नकारा है, वहीं मतदाता विस चुनाव में भी अपना निर्णय देंगे।
राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था कांग्रेस ने
कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा या उनसे किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जनता स्वयं कांग्रेस को उसका प्रमाणपत्र दे चुकी है। कांग्रेस का इतिहास भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर मंदिर निर्माण का विरोध करने, न्यायालयों में उसके विरुद्ध दलीलें देने और वर्षों तक श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध करने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति के कारण भगवान श्रीराम के प्रति करोड़ों लोगों की आस्था की उपेक्षा की। कांग्रेस आज यदि राम मंदिर जा रही है, तो यह उसकी आस्था नहीं, बल्कि राजनीतिक मजबूरी का परिणाम है।
श्रीराम मंदिर के खिलाफ मुहिम चलाने वाले अब मंदिर जा रहे
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार सनातन विरोधी बयान देते हैं और सनातन विरोधी काम करते हैं। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में निमंत्रण मिलने के बावजूद वह मंदिर नहीं गए। इतने साल बाद शिमला के राम मंदिर गए भी तो आस्था की वजह से नहीं, बल्कि राजनीति की वजह से। पूरा देश कांग्रेस के असली चरित्र और उसके सनातन विरोधी रवैये को अच्छी तरह जानता और पहचानता है, इसलिए कांग्रेस की कोई भी चाल कामयाब नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि हमेशा भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाली, राम मंदिर के खिलाफ अपने वकीलों की फौज खड़ी करने वाली, राम मंदिर निर्माण के फैसले पर रोक लगाने की मांग करने वाली और माननीय उच्चतम न्यायालय में भगवान श्रीराम को काल्पनिक पात्र बताने वाला हलफनामा देने वाली कांग्रेस आज राम के नाम पर राजनीति कर रही है। राम मंदिर निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में आमंत्रित होने के बावजूद उन्होंने उसका बहिष्कार किया था। कांग्रेस ने तो रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ही अस्वीकार कर दिया था।
राम मंदिर निर्माण 500 वर्षों के संघर्ष का प्रतीक
शिमला — भाजपा कोर गु्रप बैठक के लिए शिमला आये पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण 500 वर्षों के संघर्ष, करोड़ों सनातनियों की आस्था तथा रामभक्तों के अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सपना उस समय साकार हुआ जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अनेक नेताओं ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व, रामसेतु और राम जन्मभूमि से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न उठाए। आज कांग्रेस के नेता राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। देवभूमि हिमाचल के मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए बयानों को भी प्रदेश की जनता भूली नहीं है और कांग्रेस को हिंदुओं की आस्था का सम्मान करना चाहिए।