धर्मशाला। जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला में सोमवार को कॉमर्शियल वाहनों की हड़ताल के बीच परिवहन व्यवस्था पूरी तरह सरकारी बसों के भरोसे रही। स्थिति को संभालने के लिए एचआरटीसी ने विभिन्न रूटों पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सैकड़ों बसें चलाई, जिससे यात्रियों को काफी हद तक राहत मिली। कई प्रमुख रूटों पर भीड़ बढऩे पर मौके पर ही अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई। हालांकि, हड़ताल के कारण टैक्सी, निजी बसें और अन्य व्यावसायिक वाहन पूरी तरह बंद रहे, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
खासकर निजी स्कूल बसों के बंद रहने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी बीच, कई स्थानों पर एचआरटीसी की पुरानी बसों के खराब होने से भी यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। गगल से धर्मशाला की ओर आते समय तीन से चार बसें रास्ते में ही खराब होकर रुकी हुई दिखाई दी। इनमें एक बस मस्तपुर चैतडू के पास, जबकि दूसरी सिविल लाइन धर्मशाला व धर्मशाला स्थित जल शक्ति विभाग कार्यालय के समीप खराब हालत में खड़ी देखी गई।
हड़ताल से कालेज छात्रों को झेलनी पड़ी दिक्कतें
बता दें कि हड़ताल का सबसे ज्यादा असर कॉलेज के छात्रों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों पर देखने को मिला। निजी बसें बंद होने के कारण उन्हें सरकारी बसों का इंतजार करना पड़ा। हालांकि बसें समय-समय पर पहुंचती रहीं, लेकिन भीड़ अधिक होने के चलते कई कर्मचारी और छात्र अपने गंतव्य
तक समय पर नहीं पहुंच सके और देर से पहुंचे।
निगम ने दौड़ाई अतिरिक्त बसें
साथ ही, जगह जगह बस स्टॉप पर अधिक भीड़ होने पर एचआरटीसी को सूचित करने पर अतिरिक्त बसें भेजने की व्यवस्था भी की गई थी। बावजूद इसके, दिनभर कई स्थानों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांगड़ा शहर में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
कांगड़ा। कांगड़ा शहर में सोमवार को मां बज्रेश्वरी ऑटो यूनियन द्वारा एटीएस (ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन) व्यवस्था के विरोध में जोरदार रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया। इस रैली में क्षेत्र भर के ऑटो चालकों ने भारी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया। रैली की शुरुआत तहसील चौक से हुई और यह कांगड़ा बस स्टैंड तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
डीएम बोले, जनता की सुविधा के लिए चलाई 53 स्पेशल बसें
हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला के डिविजनल मैनेजर डीएम पंकज चड्डा ने बताया कि जिला कांगड़ा में लोगों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए कुल 53 स्पेशल रूट चलाए गए थे, जिससे सैकड़ों लोगों को गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिली है। उन्होंने बताया कि चक्का जाम के कारण निगम के सात रूट बाधित भी रहे हैं।
बैजनाथ में एटीएस के विरोध में निकाली रैली
बैजनाथ। प्रदेश सरकार द्वारा जारी आदेशों के तहत जिला कांगड़ा के गाहलियां रानीताल में बनाए गए एटीएस (ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन) के विरोध में बैजनाथ में सोमवार को टैक्सी और ऑटो चालकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में एकत्रित चालकों ने रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एटीएस को बंद करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में बैजनाथ की समस्त टैक्सी और ऑटो आपरेटर यूनियनों ने भाग लिया। इनमें बिनवा, बाबा बैजनाथ, शिव भूमि सहित विभिन्न यूनियनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने बैजनाथ के चौबीन चौक में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
नगरोटा के चाहड़ी रोड पर चक्का जाम
नगरोटा बगवां। टैक्सी एवं आटो रिक्शा आपरेटर यूनियन तथा कॉमर्शियल वाहन आपरेटर संघ नगरोटा बगवां ने प्रदेश सरकार की परिवहन नीतियों और ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के खिलाफ सोमवार सुबह आठ से सायं पांच बजे तक चाहड़ी रोड़ पर चक्का जाम रखा। नगरोटा बगवां उपमंडल के कामर्शियल व्हीकल ऑपरेटर, टैक्सी ऑपरेटर, निजी स्कूल बस ऑपरेटर, ऑटो रिक्शा ऑपरेटर, निजी बस व ट्रक आपरेटर शामिल हुए।
ज्वालामुखी शहर में जमकर नारेबाजी
ज्वालामुखी। विधानसभा ज्वालामुखी के अंतर्गत टैक्सी यूनियन, ऑटो यूनियन, प्राइवेट बस व ट्रक यूनियन के प्रधानों के नेतृत्व में लगभग 50 स्थानीय यूनियनों के चालकों-परिचालकों ने उपमंडल अधिकारी के कार्यालय में एकत्रित होकर एटीएस के विरोध में मुख्यमंत्री को नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रेषित किया गया। ज्ञापन देने के उपरांत शहर में जोरदार नारेबाजी की गई।
पालमपुर में निजी बस सेवाएं ठप
पालमपुर। ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) व्यवस्था के विरोध में जिला कांगड़ा के विभिन्न स्थानों में सोमवार को पीली नंबर प्लेट कॉमर्शियल वाहनों की हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। हड़ताल के चलते पूरे क्षेत्र में प्राइवेट बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं, जबकि केवल एचआरटीसी की बसें ही सडक़ों पर नजर आईं।
तिनबड़ में लोगों को झेलनी पड़ी दिक्कतें
तिनबड़। टैक्सी चालकों और निजी बसों की एक दिन की हड़ताल का धार क्षेत्र में भी भारी असर देखने को मिला। धार क्षेत्र में पहले से ही निगम की बसों के रूटों का अभाव है और गिने-चुने रूटों पर ही निगम की बसें चलती हैं। यहां के अधिकतर बस रूट प्राइवेट बसों पर निर्भर करते हैं। हड़ताल से निगम की बसों में भारी भीड़ रही।
श्रीचामुंडा जी चौक में धरना
श्रीचामुंडाजी । श्रीचामुंडा मंदिर के नजदीक डाढ चौक पर टैक्सी आपरेटरों द्वारा चक्का जाम लगाया गया, जिसमें भारी संख्या में टैक्सी आपरेटर इक_े हुए उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश निकाला। उन्होंने एटीएस का विरोध करते हुए प्रदेश सरकार पर खूब नारेबाजी की।