कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कृषि मंत्री चंद्र कुमार के बेटे पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को भेजने की बात की है। उन्होंने लिखा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि उन्होंने हमेशा कांग्रेस के एक समर्पित, निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में पूरी निष्ठा से काम किया है। पार्टी को सत्ता में वापस लाने के लिए दिन-रात मेहनत की। हालांकि, वर्तमान राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यशैली एवं व्यवस्था से वह बेहद असंतुष्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार ने उन मेहनती और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को निराश किया है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में पार्टी का झंडा उठाए रखा।
