शिमला। पंजाब और हरियाणा के विरोध के बाद प्रदेश सरकार ने टोल टैक्स की दरों में कटौती कर दी है। सरकार ने एंट्री टैक्स का युक्तिकरण किया है। बाहरी राज्यों से आने वाली पांच से 12 सीटर तक वाली निजी गाड़ियों को अब 100 रुपये प्रवेश शुल्क चुकाना होगा। अभी तक पांच सीटर कार को 70 रुपये जबकि 12 सीटर गाड़ी को 110 रुपये शुल्क चुकाना पड़ रहा था। सरकार ने बीते दिनों इन दोनों श्रेणियों की गाड़ियों के शुल्क को बढ़ाकर 130 रुपये कर दिया था।इसको लेकर सीमांत क्षेत्रों पर तनाव बढ़ गया था। बीते रोज पंजाब और हरियाणा के विभिन्न संगठनों ने विरोध स्वरूप चक्का जाम किया था। 31 मार्च की रात से हिमाचल से आने-लाने वाली हर प्रकार की गाड़ी को रोकने की चेतावनी दी थी। इसी कड़ी में मंगलवार को सरकार ने दरों का युक्तिकरण करते हुए नई दरों की घोषणा की है।
निजी वाहनों के रियायती पास बनेंगे
सरकार ने प्रदेश के टैक्सी चालकों को भी बड़ी राहत दी है। हिमाचल नंबर की पांच सीटर टैक्सी को अब तक शुल्क नहीं चुकाना पड़ेगा। अब 12 सीटर तक टैक्सी को शुल्क से छूट देने का फैसला लिया गया है। टोल बैरियर के पांच किलोमीटर की परिधि में रहने वाले हिमाचल और पड़ोसी राज्यों के लोगों के निजी वाहनों के रियायती पास बनेंगे। पहले सिर्फ हिमाचल के लाेगों के पास बनते थे। पास कितनी राशि का बनेगा, इसको लेकर एक-दो दिन में दरें तय होंगी।
एंट्री टैक्स को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा: सीएम
मंगलवार को विधानसभा में भोजन अवकाश के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि गाड़ियों के एंट्री टैक्स को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। टोल टैक्स में कोई खास बढ़ोतरी नहीं की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कारों के लिए सीटों के आधार पर एंट्री टैक्स की व्यवस्था थी अब इनका फास्टैग सुविधा के साथ युक्तिकरण किया गया है। फास्टैग के तहत 6 टायर ट्रक की फीस पहले 320 थी अब भी यह 320 रुपये ही है। 10, 12 और 14 टायर डबल एक्स एल ट्रक फीस 570 थे अब भी 570 ही है। 10, 12 और 14 टायर थ्री एक्स एल ट्रक पहले 570 अब 30 रुपये बढ़ाए हैं। मल्टी एक्सएल ट्राला, भारी मशीनरी की फीस 720 थी अब 800 रुपये की है।