बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही बद्दी पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए ग्राम सुराज माजरा गुज्जरां स्थित एक इमारत में छापेमारी कर भारी मात्रा में अफीम बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से तीन किलोग्राम 696 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए कीमत आंकी जा रही है। तस्कर की पहचान विकास श्रीवास्तव पुत्र सूरजपाल श्रीवास्तव निवासी गांव कोहनी प्रतापपुर, तहसील औला, जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से तीन पारदर्शी पॉलिथीन लिफाफे बरामद हुए, जिनमें कुल तीन किलो 696 ग्राम अफीम पाई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18ए 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बद्दी पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।