बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से संचालित हो रहे अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बद्दी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के जबलपुर भेजी जा रही नशीली दवाइयों की खेप को ट्रांसपोर्ट के माध्यम से ट्रेस कर पकड़ा है। रिकॉल करवाई गई इस खेप से 65357 अल्प्राजोलाम टैबलेट्स बरामद हुई हैं। ताजा कार्रवाई के बाद यह साफ हो गया है कि बद्दी से नशीली दवाइयों की सप्लाई हिमाचल से बाहर कई राज्यों तक फैलाई जा रही थी। बता दें कि यह पूरा खुलासा आठ मई, 2026 को पुलिस थाना बद्दी में दर्ज ड्रग तस्करी मामले की जांच के दौरान हुआ। मामले में पहले ही सालासर कॉम्प्लेक्स बद्दी में छापेमारी कर पुलिस 1,61,920 ट्रामाडोल टैबलेट्स और 61,164 अल्प्राजोलाम टैबलेट्स बरामद कर चुकी है।
इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नशीली दवाइयों की खेप ट्रांसपोर्ट के जरिए कांगड़ा के नगरोटा बगवां भी भेजी थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त कंसाइनमेंट को होल्ड करवाया और 17 मई को रिकॉल कर उससे 3,290 प्रीगाबालिन कैप्सूल बरामद किए। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने जबलपुर भेजी गई दूसरी खेप को भी ट्रेस कर लिया। रिकॉल करवाई गई इस खेप से 65,357 अल्प्राजोलाम टैबलेट्स बरामद हुई हैं। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस जिला बद्दी में नशा तस्करों और ड्रग नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस हर स्तर पर कार्रवाई कर रही है।