शिमला। रक्षाबंधन के त्यौहार से ठीक पहले घर से दूर रह रहे भाई-बहनों को राखी के साथ मिठाई, कपड़े और उपहार भेजने वालों को डाक विभाग ने झटका दिया है। अब राखी के साथ सामान डाक से भेजने पर लोगों को पहले की तुलना में अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी। डाक विभाग ने इंडिया पोस्ट पार्सल और स्पीड पोस्ट पार्सल की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। संशोधित दरें अगस्त से लागू हो चुकी हैं। सबसे बड़ा असर शुरुआती 500 ग्राम वजन वाले पार्सल पर पड़ा है, जिसका शुल्क सीधे दोगुना कर दिया गया है। यह रेट पहली अगस्त से लागू कर दिए गए हैं। नई दरों के अनुसार 500 ग्राम तक के इंडिया पोस्ट पार्सल के लिए अब 84 रुपए शुल्क देना होगा, जबकि पहले यही शुल्क 42 रुपए था। इस पर जीएसटी अलग से देना होगा।
दूरी और क्षेत्र के हिसाब से शुल्क में अंतर रहेगा। प्रदेश के भीतर पार्सल भेजने पर 77 रुपए, महानगर क्षेत्र के लिए 82 रुपए और दूसरे राज्यों में भेजने पर 84 रुपए तक शुल्क निर्धारित किया गया है। 35 किलोग्राम तक के इंडिया पोस्ट पार्सल के लिए स्थानीय स्तर पर अधिकतम 1273 रुपए और दूसरे राज्यों में भेजने पर 3800 रुपए तक शुल्क देना पड़ सकता है। वहीं स्पीड पोस्ट पार्सल में 35 किलोग्राम वजन के लिए स्थानीय स्तर पर अधिकतम 1444 रुपए और दूसरे राज्यों के लिए 5058 रुपए तक शुल्क निर्धारित किया गया है। शिमला डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लोकल रेट कम हुए हैं। यानी एक ही शहर में यदि किसी को पार्सल भेजना है तो वह काफी सस्ता हो गया है। दो किलो तक के पार्सल में महज 15 रुपए ही लगेंगे, लेकिन अन्य जिलों और राज्यों में पार्सल भेजने का रेट बढ़ गया है। डाक विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह कई सालों के बाद रेट बढ़ाए गए हैं।
स्पीड पोस्ट के 20 ग्राम पर 14 रुपए ज्यादा
स्पीड पोस्ट का इस्तेमाल करने वालों पर भी अतिरिक्त भार पड़ेगा। पहले 20 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट के लिए 42 रुपए शुल्क लिया जाता था, जो अब बढक़र 56 रुपए हो गया है। यानी शुरुआती श्रेणी में ही 14 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वजन और दूरी बढऩे के साथ अन्य श्रेणियों में भी करीब 10 से 15 रुपए तक अधिक भुगतान करना होगा।