शिमला: हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई. ड्राय स्पेल से परेशान लोगों के लिए रविवार का दिन खुशी लेकर आया. राजधानी शिमला में ओलावृष्टि के कारण मौसम सुहाना हो गया. आईएमडी के अनुसार आने वाले दिनों प्रदेश में लगातार इसी तरह का मौसम रहेगा. ठंडी हवाओं के बीच प्रदेश के सभी हिस्सों में बारिश होगी. साथ ही कहीं कहीं ओलावृष्टि भी रहेगी.
रविवार को शिमला का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य स्थानों की बात करें तो धर्मशाला 35.8, ऊना 42.8, बिलासपुर 37.5, मंडी 37.9, सुंदरनगर 37.1, पालमपुर 31.0, चंबा 34.8 डिग्री, भुंतर 33.3, कल्पा 20.6, नाहन 35.7, केलांग 19.5, सोलन 35.0, मनाली 26.2, कांगड़ा 36.0, हमीरपुर में 36.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. रविवार को केलांग, गग्गल, कल्पा, खदराला,चौपाल और सलूणी में ज्यादा बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग की ताजा अपडेट के अनुसार मई की शुरुआत प्रदेश के लिए अच्छी रहेगी. सोमवार यानी दो मई को भी प्रदेश भर में बादल छाए रहेंगे. साथ ही कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है. तीन, चार और पांच मई को विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन तीन दिनों में तेज गरज के साथ कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. साथ ही कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है. वहीं, छह और सात मई को मौसम थोड़ा खुल जाएगा लेकिन हल्की बारिश रहेगी. विभाग के अनुसार मई की शुरुआत में मौसम पलटने से तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. दूसरी तरफ ओलावृष्टि से सेब व अन्य फसलों को नुकसान हो सकता है.
इस कारण किसानों को फसल खराब होने का भी डर लग रहा है. मौसम विभाग की ओर से फसलों को इस मौसम में बचाए रखने के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है. विभाग ने कहा है कि मौसम खराब हो सकता है, ऐसे में फसलों को बचाने के लिए नेट का प्रयोग करें. साथ ही खेतों की बेहतर जल निकासी भी इस दौरान फायदेमंद रहेगी.