Spread the love

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने नगर निगम शिमला की मेनिफेस्टो कमेटी से शहर के सुधार और सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्थानीय लोगों से सुझाव मांगने को कहा है। उन्होंने कहा है कि मेनिफेस्टो में शिमला नगर निगम में शामिल किए गए क्षेत्रों में सड़क, पार्किंग के साथ साथ पेयजल व सफाई व्यवस्था को प्रमुखता दी जानी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिमला नगर में सुविधाओं के अभाव के कारण लोग परेशान है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस परेशानी से मुक्त करवाना कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा शासित नगर निगम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में पूरी तरफ असफल रहा है।

उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के महापौर व सरकार के बीच उचित तालमेल न होने की वजह से लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। सालों से लोगों के घरों के नक्शे पास नहीं हुए। अब चुनाव सामने देख भाजपा सरकार लोगों को लुभाने के पूरे प्रयास कर रही है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी का मेनिफेस्टो जनाकांक्षाओं के तहत ही बनाया जाना चाहिए जिसे हम पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि यह कार्य जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

By admin

Leave a Reply