Spread the love

मंडी: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी में 62.16 करोड़ रुपये लागत की चार विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने कांगनीधार में विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित एचपीएचडीपी के तहत 1.30 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य मार्केट यार्ड के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण, मंडी में 28.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरों की क्षमता के मातृ एवं शिशु अस्पताल भवन और 2.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आदर्श करियर केंद्र का लोकार्पण किया।

उन्होंने कांगनी में 29.02 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली अनाज मंडी का भी शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेटी है अनमोल कार्यक्रम के तहत एक बालिका को सम्मानित किया और अपने साथ लोकार्पण और शिलान्यास करने का अवसर प्रदान किया।

इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श करियर केंद्र रोजगार के अवसरों के लिए तैयारी कर रहे प्रतिभागियों और विद्यार्थियों को परामर्श प्रदान करने का बेहतरीन मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि आदर्श करियर केंद्र बड़े पैमाने पर एनसीएस पोर्टल पर काम करेगा और यह पोर्टल प्रतिभागियों को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाने के अलावा व्यक्तित्व विकास के माध्यम से कौशल उन्नयन की भी सुविधा उपलब्ध करवाएगा। यह केंद्र प्रतिभागियों को स्वयं पंजीकरण की प्रक्रिया को समझने और परिसर साक्षात्कार प्रक्रिया की तैयारी करने में भी सहायक होगा।

जय राम ठाकुर ने कहा कि इस अनाज मंडी का प्रथम चरण 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा। उन्होंने कहा कि इस अनाज मंडी का निर्माण करने के लिए 20 बीघा से अधिक भूमि प्रदान की गई है, जो किसानों तथा व्यापारियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि माताओं और बच्चों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए 29 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों की क्षमता वाले मातृ एवं शिशु अस्पताल को सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने मंडी और सुन्दरनगर में दो मातृ एवं शिशु अस्पताल प्रदान करने के लिए तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान इन अस्पतालों में कुछ भी नहीं किया लेकिन वर्तमान राज्य सरकार ने सत्ता में आने के तुरन्त पश्चात निर्माण कार्य में तेजी लाई।

By admin

Leave a Reply