शिमला: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शीघ्र आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए उन्हें हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में निशुल्क परिवहन सुविधा प्रदान करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने के लिए जारी किया गया अपना प्रवेश पत्र ही दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाल ही में कांस्टेबल पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा रद्द कर दी थी।
हाल ही में हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद सरकार ने इस परीक्षा को रद्द कर दिया था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद परीक्षा रद्द करने के आदेश जारी किए थे। ऐसे में अब जल्द ही इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करवाया जाएगा।
इसके लिए उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए हिमाचल परिवहन निगम की बसों में किसी तरह का कोई किराया नहीं देना होगा। परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर इसके लिए निशुल्क यात्रा कर पाएंगे।