शिमला: हिमाचल के मैदानी जिलों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में गर्मी ने बेहाल कर दिया है. ऊना में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. हालांकि, 28 अप्रैल को मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में गुरुवार से एक मई तक बारिश के आसार हैं. लेकिन मैदानी इलाकों में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिले में एक मई तक धूप खिली रहेगी. नाहन में 23 और बिलासपुर-धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री पहुंचने से रात के समय भी गर्मी का एहसास हो रहा है.
बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा. धूप खिलने से अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई.मैदानी राज्यों में भारी गर्मी पड़ने से सैलानी हिमाचल का रुख कर रहे हैं. शिमला और मनाली जैसे इलाकों में टूरिस्ट की भीड़ बढ़ रही है. लगातार टूरिस्ट यहां गर्मी से राहत पाने के लिए पहुंच रहे हैं. साथ ही लाहौल स्पीति में टूरिस्ट की आवाजाही बढ़ी है.
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार से मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने का पूर्वानुमान जताया है. इन जिलों में अंधड़ का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. बुधवार को ऊना में 41.7 डिग्री और 18.6, बिलासपुर में 38.0 और 20.0, कांगड़ा में 37.1 और 17.8, हमीरपुर में 37.5 और 14.5, नाहन में 35.9 और 23.1, चंबा में 35.5 और 13.0, सोलन में 35.2 और 14.5, धर्मशाला में 35.0 और 20.4 शिमला में 27.1 और 16.2, कल्पा में 24.3 और 7.5, लाहौल स्पीति कके केलांग में 20.3 और 4.5 डिग्री पारा दर्ज किया गया है.