हमीरपुर: केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में हिस्सा लिया है। इसदौरान उन्होंने केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार से हिमाचल में अभूतपूर्व विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाए जाने और पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के प्रगति पथ पर तीव्रता से आगे बढ़ने की बात कही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि “आदरणीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने हिमाचल में ना सिर्फ़ विकास कार्यों की झड़ी लगाई बल्कि अभूतपूर्व विकास कार्यों को अमली जामा पहनाने का काम किया है। गरीब कल्याण, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, रोज़गार, कनेक्टिविटी , औद्योगिक विकास समेत तमाम ऐसे क्षेत्र हैं जिसमें प्रदेश उपलब्धियों का गवाह बना है। अटल जी की तरह ही मोदी जी ने हिमाचल को अपना दूसरा घर माना है और इसीलिए हिमाचल की तरक़्क़ी उनकी प्राथमिकताओं में है।”
आगे बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि “पहले गरीब के परिवार में किसी को कोई बीमारी घेर लेती थी तो पूरे परिवार पर संकट का अंधेरा छा जाता था। इलाज के लिए पैसे जुटाना बहुत बड़ी चुनौती होती थी। आज देश के हर गरीब को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत’ का सहारा दिया गया है, जिसमें हर परिवार को 5 लाख रूपए तक का इलाज मुफ्त मिल सकता है। 2014 में, देश की 40 प्रतिशत आबादी के पास बैंक खाते नहीं थे। तब से अब तक 45 करोड़ बैंक खाते खोले जा चुके हैं और भारत का लगभग हर परिवार बैंकिंग सिस्टम से जुड़ गया है जिसका बड़ा लाभ कोरोना आपदा में देखने को मिला।”