Spread the love

मंडी: हिमाचल प्रदेश में अभी विधानसभा चुनाव के लिए छह महीने का वक्त है लेकिन सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं. आम आदमी पार्टी इसी कड़ी में बुधवार को चुनावी शंखनाद करने जा रही है. हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी से आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को चुनावी शंखनाद करेंगे.

केजरीवाल मंडी में रोड शो के बाद ऐतिहासिक सेरी मंच पर जनसभा करेंगे. उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी मौजूद होंगे. केजरीवाल और मान का हेलिकॉप्टर बुधवार सुबह चंडीगढ़ से उड़ान भरेगा और करीब 11:00 बजे कांगणीधार में लैंड करेगा. बाद में 11:30 बजे विक्टोरिया ब्रिज से रोड शो का आगाज होगा. इस दौरान शहर में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी. सिर्फ आपातकालीन वाहनों की आवाजाही की अनुमति है.कांगड़ा, जोगिंद्रनगर और पधर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए खलियार में विक्टोरिया पुल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

कुल्लू की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए बिंद्रावणी व सुंदरनगर से आने वाले वाहनों के लिए सब्जी मंडी कांगणी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. तल्याहड़ की तरफ से आने वाले वाहन सन्यारढ़ होकर पुल घराट जाएंगे. शहर में सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है. रोड शो के एक दिन पहले दिल्ली के मंत्री और हिमाचल प्रभारी सत्येंद्र जैन ने मंडी में तैयारियों का जायजा लिया.

By admin

Leave a Reply