Spread the love

शिमला। हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुक्खू की घोषणाओं पर अब कर्मचारी और पेंशनरों की नजर है। 15 अप्रैल को रिकांगपिओ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लंबित पेंशन एरियर भुगतान को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। राज्य सरकार पहले ही इस साल के बजट में कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएं कर चुकी है। अब सभी को इनके लागू होने का इंतजार है। सबसे बड़ी उम्मीद वर्ष 2016 से पहले के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को है। सरकार ने साफ किया है कि उनका पूरा बकाया पेंशन एरियर वित्त वर्ष 2026-27 में दिया जाएगा। ऐसे में हिमाचल दिवस पर इसकी शुरुआत या पहली किस्त जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

इसी तरह सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी हिमाचल दिवस पर राहत मिलने की उम्मीद है। इन कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का बकाया भी लंबे समय से लंबित है। इस पर सरकार ने अपने बजट में 300 करोड़ खर्च करने की बात कही है। ऐसे में कर्मचारियों और पेंशनरों को आस है कि हिमाचल दिवस पर इसको लेकर मुख्यमंत्री घोषणा करेंगे।

सीएम सुक्खू ने सुविधा देने का किया था ऐलान

सीएम ने बजट में स्टडी लीव पर जाने वाले कर्मचारियों को 100 प्रतिशत वेतन देने की भी घोषणा की है और पहले स्टडी लीव ले चुके कर्मचारियों को भी बकाया देने की बात कही है। दैनिक वेतन को बढ़ाकर 450 रुपए प्रतिदिन कर दिया गया है, जबकि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन 13,750 रुपए तय किया गया है। इसकी अधिसूचना अभी तक श्रम विभाग ने नहीं की है। उम्मीद है कि हिमाचल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री दैनिक वेतन को बढ़ाने की घोषणा भी इस मौके पर करेंगे।

Leave a Reply