बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में ईंट के बाद अब सीमेंट और सरिया भी महंगा हो गया है। कंपनियों ने सीमेंट के दाम में 15 रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं, सरिये के दाम में करीब 20 दिन में 1,000 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गए हैं। सोमवार से लागू हुए सीमेंट के नए रेट के बाद घर बनाना और महंगा हो गया है। कुछ दिन पहले ही प्रदेश में ईंट की कीमतों में भी 2 से 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। बिलासपुर में एसीसी सीमेंट के विक्रेता पवन बरूर ने बताया कि दाम बढ़ने के बाद अब एसीसी सुरक्षा सीमेंट 395 रुपये से बढ़कर 410 रुपये प्रति बैग हो गया है। एसीसी गोल्ड सीमेंट 435 से 450 रुपये, जंग रोधक सीमेंट 380 से बढ़कर 395 रुपये प्रति बैग हो गया है। अंबुजा सीमेंट के विक्रेता रोहित ने बताया कि 400 रुपये प्रति बैग बिकने वाला सीमेंट अब 415 रुपये में मिलेगा।