शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मंगलवार शाम 6:00 बजे तक राज्य में भूस्खलन से दो एनएच सहित 206 सड़कें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त 45 बिजली ट्रांसफार्मर व 82 जल आपूर्ति स्कीमें भी प्रभावित हैं। शिमला सहित अन्य भागों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण नेरवा पुलिस थाने का आवासीय भवन भूस्खलन की चपेट में आ गया। पहाड़ी से मलबा गिरने से थाना प्रभारी राम लाल शर्मा के निवास को भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि हादसे के समय आवासीय भवन में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आनी में पहाड़ से गिरे मलबे और चट्टानों की चपेट में आई दो कारें
वहीं आनी में बीती रात से लगातार हो रही बारिश के बीच आनी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दो कारें पहाड़ से गिरे मलबे और चट्टानों की चपेट में आ गईं। एक हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि दूसरी घटना में सड़क किनारे खड़ी टैक्सी कार पर भारी चट्टान गिर गई। पहला हादसा निर्माणाधीन सब्जी मंडी तेशन के पास किरण बाजार और बराड़ के बीच हुआ। मारुति अल्टो कार नंबर HP-35-7897 एनएच-305 से गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हुआ और भारी मलबा कार के ऊपर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से कार दब गई। हादसे में चालक पदम सिंह(53) निवासी गांव दोघरी, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू और अब्दुल रहमान (32) निवासी दोगरी मोड़, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी घटना आनी के नए बस अड्डे के पास हुई। यहां पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान सड़क किनारे खड़ी टैक्सी नंबर की कार से जा टकराई। चट्टान गिरने से कार को काफी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
भराड़ीघाट के दसेरन में दर्दनाक हादसा
शिमला-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के दसेरन में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से लुढ़ककर आई भारी चट्टान के नीचे कार पिस गई। इसमें शिमला कांग्रेस के नेता की मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटा घायल हो गए। चट्टान गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सकता। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। करीब एक घंटे तक बचाव कार्य चलने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।