Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 18 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि फिलहाल किसी भी जिले के लिए मौसम का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान मंडी के जोगिंदरनगर में सबसे अधिक 60 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मनाली में 50 मिमी, सराहन में 40 मिमी, रोहड़ू में 30 मिमी और शिमला शहर में 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई। लगातार बारिश के चलते प्रदेश में जनजीवन अभी भी प्रभावित है। 60 से अधिक सडक़ें बंद हैं, जबकि कई स्थानों पर बिजली ट्रांसफार्मर और पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं।

लोक निर्माण, बिजली और जल शक्ति विभाग सेवाओं को जल्द सामान्य करने में जुटे हुए हैं। इस बीच राजधानी शिमला में रविवार सुबह लिफ्ट के पास कांग्रेस कार्यालय के सामने एक बार फिर भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से पेड़ और मलबा मुख्य सडक़ पर आ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और आवाजाही बहाल कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर कार्ट रोड से सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

चंबा में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह

उधर चंबा जिले में भी रविवार को रुक-रुक कर बारिश होती रही। जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा यात्रा से पहले मौसम और सडक़ की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।

By admin

Leave a Reply