Spread the love

शिमला। लोक निर्माण विभाग ने मानसून सीजन के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयार रहे। मंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में लगभग 15,500 कर्मचारी सड़क संपर्क बहाल करने के लिए तैनात हैं। इनमें 11,137 बेलदार और 4,228 मल्टी टास्क वर्कर शामिल हैं। इनके साथ 1,156 विभागीय और निजी मशीनरी भी चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। इनमें जेसीबी, डोजर, रोबोट और टिप्पर जैसी मशीनें शामिल हैं। आपात परिस्थितियों में त्वरित संपर्क बहाली के लिए छह बेली ब्रिज भी तैयार रखे गए हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले विभाग ने कई कार्य पूरे कर लिए हैं। इसमें 155.95 किलोमीटर सड़कों पर रीसर्फेसिंग शामिल है। 924.94 किलोमीटर सड़कों पर पैचवर्क का कार्य भी पूरा किया गया है। विभाग ने 8,893.58 किलोमीटर ड्रेनेज चैनलों की सफाई की है। इसके अतिरिक्त 9,414 किलोमीटर लंबाई के कलवर्टों की सफाई का कार्य भी संपन्न हुआ है। उन्होंने मॉनसून के दौरान भी ड्रेनेज और कलवर्ट की सफाई जारी रखने के निर्देश दिए। इससे जलभराव और सड़क क्षति की आशंका कम होगी।

मंत्री ने अस्पतालों, पुलिस स्टेशनों, शिक्षण संस्थानों, अग्निशमन केंद्रों, पंपिंग स्टेशनों और विद्युत केंद्रों तक निर्बाध सड़क संपर्क बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील सड़कों और पुलों की सूची तैयार करने को कहा। भूस्खलन संभावित स्थलों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी नुकसान की जानकारी फोटो और वीडियो सहित राजस्व विभाग के साथ साझा करने को कहा गया। मानसून अवधि के दौरान विभागीय स्तर पर 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

By admin

Leave a Reply