शिमला/कुल्लू | हिमाचल प्रदेश में 20-21 जून को मानसून प्रवेश की संभावना बन गई है। 20 से 24 जून तक राज्य के कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं। 20 जून को कई भागों में भारी बारिश का येलो, जबकि 21 से 23 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सिरमौर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। जबकि कांगड़ा, मंडी और सोलन के लिए येलो अलर्ट है। वीरवार को मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने और अन्य जिलों में बारिश के आसार हैं।
बारिश के अलर्ट के बीच बुधवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। कभी धूप तो कभी बादल छाने का सिलसिला चलता रहा। कांगड़ा में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे धर्मशाला क्षेत्र में 20 मिनट झमाझम बारिश शुरू हो गई। कुछ समय बाद मौसम साफ हो गया। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। लारजी-सैंज सड़क तलाड़ा के पास नाले का मलबा आने से चार घंटे यातायात ठप रहा। चंबा जिले में तेज धूप से लोगों के पसीने छूट गए।
वहीं, किसानों को बारिश से बड़ी राहत मिली है। मक्की और हरी सब्जियों की सिंचाई कुछ दिन के लिए रुक गई है। अब किसान फसलों में खाद के छिड़काव में जुटेंगे। उधर, मंगलवार रात को घागस में 55.4, सुंदरनगर में 50.2, मुरारी देवी में 39.2, भुंतर में 31.0, गोहर में 25.0, बग्गी में 24.1, बंजार और मंडी 21.0, स्लापड़ में 20.9, सराहन और रोहड़ू में 20.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।