शिमला। स्मार्ट मीटरिंग अभियान को तेज करते हुए बिजली बोर्ड प्रबंधन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि यदि कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने में बाधा डालता है, तो उसे 24 घंटे का लिखित नोटिस देकर बिजली आपूर्ति काटी जा सकती है।बोर्ड प्रबंधन ने मुख्य अभियंताओं (ऑपरेशन) शिमला, हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा जोन को भेजे आदेशों में कहा है कि स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तय समयसीमा में पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसके लिए फील्ड अधिकारियों को विशेष अधिकार भी दिए गए हैं। निर्देशों में बताया गया है कि एक निजी कंपनी के माध्यम से प्रदेश भर में पुराने बिजली मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदला जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान उपभोक्ताओं को नियमानुसार पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।
