Spread the love

सुजानपुर। पुलिस थाना सुजानपुर में हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा व विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। दोनों के खिलाफ आधारहीन बयानबाजी करने के आरोप लगाए गए थे। गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने विधायक कैप्टन रणजीत सिंह की अगवाई में सुजानपुर थाना में शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि भाजपा नेताओं के बयान से जनता में भय और भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है तथा इससे प्रदेश के लोगों की संवेदनाएं भी आहत हुई हैं। इसी आधार पर अब दोनों नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान लोक सेवकों, पुलिस विभाग, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो तथा राज्य सरकार के खिलाफ प्रथम दृष्टया निराधार, अप्रमाणित और भ्रामक आरोप सार्वजनिक रूप से लगाए हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन आरोपों से लोक सेवकों की गरिमा को नुकसान पहुंचा। लोक सेवकों पर दबाव और आपराधिक दबाव का माहौल बनाने की कोशिश की गई। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सुजानपुर में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश जारी है और जांच के दौरान सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने की है।

By admin

Leave a Reply