Spread the love

सुंदरनगर । उपमंडल की ग्राम पंचायत भौर में सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। भौर निवासी एवं ग्राम पंचायत प्रधान चंद्रमणि के स्वामित्व वाले फर्नीचर शोरूम की ऊपरी मंजिल में अचानक आग भडक़ उठी। दुकान मालिक के पिता प्रेम सुख ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे शोरूम में रखा फर्नीचर देखते ही देखते जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास के दौरान प्रधान चंद्रमणि और शोरूम का एक कर्मचारी झुलस गए। दोनों के हाथ और पैरों पर जलने की चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मंडी और बीएसएल परियोजना की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि दमकल दल समय पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। तहसीलदार सुंदरनगर अंकित शर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंचे हल्का पटवारी ने दोनों घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply