शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में सेवारत शिक्षकों की नियुक्ति का फैसला अगले सप्ताह होगा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 29 जून को कश्मीर दौरे से लौटेंगे। इसके बाद कैबिनेट सब कमेटी की बैठक होगी। बुधवार को शिक्षा सचिव राकेश कंवर से हुई सीबीएसई सब-कैडर इन-सर्विस टीचर्स संघ की बैठक में यह जानकारी दी गई। सीबीएसई सब-कैडर इन-सर्विस टीचर्स एसोसिएशन ने हिमाचल प्रदेश में मेरिट आधारित नियुक्तियों की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग को लेकर बुधवार को राज्य सचिवालय में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानाचार्यों के लंबित नियुक्ति आदेशों और अन्य श्रेणियों की रुकी हुई काउंसिलिंग प्रक्रिया पर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ प्रधान खजान सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने कैबिनेट सब-कमेटी के सदस्य जगत सिंह नेगी से भेंट की।
संघ ने कहा कि सरकारी सीबीएसई विद्यालयों में मेरिट आधारित अध्यापकों की नियुक्ति एक महत्वपूर्ण पहल है। यह प्रक्रिया समय पर पूरी होने पर हिमाचल की शिक्षा व्यवस्था देश के लिए एक मॉडल बन सकती है। संघ ने बताया कि सरकार की ओर से आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित हो चुका है। प्रधानाचार्यों की काउंसिलिंग पूरी होने के बाद उन्हें विद्यालय भी आवंटित किए जा चुके हैं। हालांकि, उनके नियुक्ति आदेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं। अन्य श्रेणियों के अध्यापकों की काउंसिलिंग और नियुक्ति प्रक्रिया भी लंबित है। इससे हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने भी संघ से बात की। उन्होंने कहा, यह मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है तथा कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक के उपरांत सीबीएसई सब-कैडर की नियुक्तियों संबंधी प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाया जाएगा।