शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकाघाट में कॉलेज जा रही छात्रा की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी को सरकार कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आरोपी नशे का आदी था, इसकी भी सूचना मिली है। जैसे ही इस मामले की सूचना मिली, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से इस पूरे मामले की रिपोर्ट भी ली है। आरोपी को अब कोर्ट सजा देगा, लेकिन इसे कड़ी सजा मिले, इसके लिए सरकार प्रयास करेगी। चेस्टर हिल मामले को लेकर विपक्ष की ओर से नौकरशाही पर नियंत्रण न होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सवाल जयराम से पूछना चाहिए कि आखिर नौकरशाही पर किसका नियंत्रण है। कहा कि इस मामले में कार्रवाई को लेकर डीसी को लिखा गया है। तथ्यों के आधार पर जो भी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। आज भी बेटियों के सुरक्षित न होने को लेकर दिए महिला आयोग अध्यक्ष के बयान पर पूछे सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि अध्यक्ष ने किस संदर्भ में यह बात कही है। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की है। इस तरह की घटना शर्मनाक है।
सीएम ने दी 10 लाख की सहायता, बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाएंगे
कॉलेज छात्राकांड में प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही पीड़ित परिवार के दो बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इस सहायता में 5 लाख रुपये आवास निर्माण के लिए और 5 लाख रुपये घटना से प्रभावित परिवार की मदद के रूप में दिए गए हैं। यह घोषणा प्रदेश सरकार की तरफ से सरकाघाट कांग्रेस नेता पवन कुमार ठाकुर ने की। उन्होंने पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की है।