Spread the love

शिमला | मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस साल के बजट में की गई अपनी घोषणा को पूरा करते हुए 70 साल से ज्यादा उम्र वाले पेंशनरों को बचे हुए एरियर का 50 फीसदी इसी महीने देने की अधिसूचना जारी कर दी है। वित्त विभाग की ओर से जारी किए गए कार्यालय आदेश के मुताबिक कहा गया है कि जून 2025 में 70 साल या इससे अधिक की आयु पूरी करने वाले पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों को बचे हुए एरियर का 50 फ़ीसदी दिया जाएगा। यह कुल पेंशन एरियर का 30 फीसदी होगा। इस एरियर का भुगतान जून 2025 यानी इसी महीने में ही किया जाएगा।

इस भुगतान के बाद पेंशनरों और फैमिली पेंशनर कैटेगरी में कुल एरियर का भुगतान 70 फीसदी हो जाएगा। ऑर्डर में कहा गया है कि पेंशन डिसबर्सिंग अथॉरिटी और बैंक यह सुनिश्चित करेंगे कि यह भुगतान किसी भी तरह की रिकवरी के बाद हो और 70 साल की आयु सीमा का पालन जून 2025 की कट ऑफ डेट के हिसाब से किया जाए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस साल के अपने बजट भाषण में 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों के लिए 2016 से पहले के पेंशन एरियर भुगतान जून महीने में करने का ऐलान किया था। इस ऐलान को अब कार्यालय आदेश जारी करके पूरा किया गया है।

By admin

Leave a Reply