Spread the love

शिमला। पहाड़ों की रानी शिमला में प्रस्तावित अत्याधुनिक केबल ब्रिज, फ्लाई ओवर और नई टनल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। एशियन डिवेलपमेंट बैंक (एडीबी) की टीम ने सुक्खू सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘स्ट्राइड’ को अपनी सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। एडीबी की टीम तीन दिनों में प्रदेश में रही और इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी चर्चा की है। साथ ही प्रस्तावित कार्यो की साइट्स का विजिट भी कर लिया है। एडीबी की स्कोपिंग मिशन टीम में शामिल अधिकारी प्रोजेक्ट से जुड़े तमाम पहलुओं का जानने के बाद लौट गई है। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के हिमाचल प्रदेश रोड़ इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन (एचपीआरआईडीसीएल ) ने राजधानी समेत प्रदेश की एक सडक़ को डबललेन बनाने के लिए 2200 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट को मूर्तरूप देने के लिए राज्य सरकार एशियन डिवेलपमेंट बैंक से वित्तीय मदद लेगा।

पता चला है कि इसी प्रोजेक्ट को लेकर एडीबी की टीम प्रदेश के दौरे पर आई थी। एडीबी की स्कोपिंग मिशन टीम तीन दिनों तक प्रदेश में रुकी और इस दौरान टीम ने प्रोजेक्ट में प्रस्तावित किए कार्यों की साइट्स का दौरा भी किया है। इसके बाद टीम ने लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव समेत राज्य के अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ भी बैठकें की है। इस दौरान टीम ने प्रोजेक्ट के हर पहलू को बारीकी से जाना है और प्रोजेक्ट की संभावनाओं, जरूरत और दायरे को लेकर भी मौके पर जानकारी हासिल की है। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद यह टीम लौट गई है। प्रोजेक्ट के तहत शिमला शहर में रेलवे क्रॉसिंग से पर्यटन निगम के होटल होलीडे होम तक एक आईकॉनिक केबल स्टे ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। लिहाजा टीम ने पुल निर्माण के डिजाइन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रोजेक्ट में टॉलैंड से लेकर आईजीएमसी तक प्रस्तावित की गई डबल लेन टनल को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा कर निर्देश दिए है।

सिर्फ प्रोजेक्ट से संबंधित कागजी प्रक्रिया शेष

प्रोजेक्ट को लेकर अब भविष्य में हर तीन माह में एशियन डिवेलपमेंट बैंक की टीम प्रदेश का दौरा करेगी। प्रदेश की ओर से इस प्रोजेक्ट का लेकर उठाए गए कदमों पर एडीबी की टीम ने संतुष्टि जताई है और इसके लिए अपनी सैद्धांतिक मंजूरी भी प्रदान कर दी है। अब प्रोजेक्ट को लेकर आवश्यक डॉक्यूमेंटेशन समेत अन्य कार्य होने हैं। इन औपचारिकताओं को पूरा करने में भी लंबा वक्त लगेगा।

2200 करोड़ का प्रोजेक्ट

राज्य सरकार की ओर से बनाया गया प्रोजेक्ट 2200 करोड़ रुपए का है। इसमें एशियन डिवेलमेंट बैंक से 1689 करोड़ रुपए की वित्तीय मदद मिलनी है, जबकि 533 करोड़ की राशि राज्य सरकार वहन करेगी। शिमला शहर में यातायात के दबाव को कम करने के लिए विशेष तौर पर यह प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इस परियोजना में पुल, टनल, फ्लाई ओवर और सीमावर्ती राज्य के साथ लगती एक सडक़ को डबललेन करने के अलावा अन्य कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं।

By admin

Leave a Reply