शिमला। हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन में प्रदेश के पेंशनरों की मांगों को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं होने से पेंशनरों में गहरी निराशा है। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन संबोधन में उनकी प्रमुख मांगों का कोई उल्लेख नहीं किया गया। समिति के अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने कहा कि छठे वेतन आयोग की लंबित देनदारियों को लेकर पेंशनर लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इसके अलावा 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की घोषणा की भी उम्मीद थी, लेकिन इस पर भी कोई निर्णय सामने नहीं आया।