Spread the love

सोलन | शूलिनी यूनिवर्सिटी ने टाइम्स हायर एजुकेशन (द) इम्पैक्ट रैंकिंग 2025 में दुनिया के टॉप 100 विश्वविद्यालयों में जगह बनाकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विश्व स्तर पर 2318 संस्थानों में से 96वां स्थान पाने पर यह पहली बार है जब विश्वविद्यालय ने प्रतिष्ठित टॉप 100 में प्रवेश किया है। पिछले साल के 86.7 से बढक़र 89.6 के बेहतर समग्र स्कोर के साथ शूलिनी यह वैश्विक उपलब्धि हासिल करने वाले केवल चार भारतीय विश्वविद्यालयों में से एक है। द इम्पैक्ट रैंकिंग विश्वविद्यालयों को संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) में उनके वास्तविक दुनिया के योगदान के लिए आंकती है। इस वैश्विक मूल्यांकन में शूलिनी विश्वविद्यालय कई प्रमुख एसडीजी में अग्रणी के रूप में उभरे शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. पीके खोसला ने कहा कि यह मान्यता अनुसंधान, शिक्षण और स्थिरता में उत्कृष्टता के प्रति हमारे समर्पण का परिणाम है।

गर्व है कि हिमाचल के एक युवा विश्वविद्यालय ने वैश्विक मान्यता प्राप्त की है और अब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है। यह पूरे शूलिनी परिवार और भारत के लिए गर्व का क्षण है। प्रो. चांसलर विशाल आनंद ने कहा कि यह शूलिनी के लिए एक बड़ा दिन है, जिसमें दो वैश्विक रैंकिंग ने दुनिया में एक अग्रणी संस्थान के रूप में मान्यता दी। हम शीर्ष 200 वैश्विक विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। कुलपति प्रो. अतुल खोसला ने कहा कि यह रैंकिंग छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को हर दिन प्रेरित करने वाले जुनून और उद्देश्य को दर्शाती है।

By admin

Leave a Reply