शिमला। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि हाई कोर्ट से केस जीतने के बाद अब विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कृषि विवि पालमपुर और बागबानी विश्वविद्यालय सोलन में कुलपतियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। हालांकि उन्हें अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि राज्य सरकार इस केस में अब सुप्रीम कोर्ट जा रही है या नहीं? मानसून सत्र में पारित विश्वविद्यालयों से संबंधित विधेयक के बारे में उन्होंने कहा कि अभी यह मामला उनके पास नहीं आया है। सोमवार को लोकभवन में मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों स्वायत्त होने चाहिए। इन्हें अपनी आमदनी बढ़ाने पर भी जोर देना चाहिए। विश्वविद्यालयों को धीरे-धीरे अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए आय के नए स्रोत तलाशने होंगे। इसके लिए सार्वजनिक- निजी भागीदारी समेत अन्य संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।
हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों में लंबे समय से अटके नौतोड़ के आबंटन मामले पर राज्यपाल ने कहा कि नौतोड़ भूमि आबंटन के लिए स्पष्ट, समान और व्यावहारिक पैमाना होना चाहिए। जमीन उन्हीं पात्र और जरूरतमंद लोगों को मिलनी चाहिए, जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है। प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि नशे की आपूर्ति रोकने के लिए सीमा और प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ानी होगी। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल में सरकारी डाक्टरों का निजी प्रैक्टिस नहीं करना अच्छी बात है।