शिमला | हिमाचल हाईकोर्ट ने छुट्टी पर भेजे शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी की ओर से व्यक्तिगत तौर पर दायर अपील याचिका पर सरकार, डीजीपी समेत अन्य को नोटिस जारी किए हैं। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश रंजन शर्मा की खंडपीठ ने एकल जज के फैसले को आंशिक तौर पर स्वीकार करते हुए सीबीआई को जांच सौंपने का फैसला बरकरार रखा है। मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी।
याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया कि एकल जज के फैसले की वजह से एसपी गांधी की व्यक्तिगत छवि और एसआईटी की विश्वसनीयता को आघात पहुंचा है। इसे लेकर ही एलपीए दायर की गई है। सरकार ने उन्हें अपील दायर करने के लिए एनओसी दिया है। उन्हें इस बात पर आपत्ति नहीं है कि एकल जज ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। एसआईटी तो खुद परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रयास कर रही थी। उन्होंने अदालत से सिर्फ इतनी मांग की है कि डीजीपी ने जो हलफनामा एकल न्यायाधीश के समक्ष दायर किया है, उसका जवाब देने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया।