ऊना। राज्य विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने प्रदेश के ऊना जिले में लोक निर्माण विभाग (विद्युत विंग) के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जेई को मंगलवार दोपहर विभागीय कार्यालय में एक ठेकेदार से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय ट्रैप कार्रवाई के दौरान दबोच लिया गया। मामले में विजिलेंस ने रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंब स्थित घर पर भी की गई तलाशी
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई के अंब उपमंडल की लोहारा ग्राम पंचायत स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। फिलहाल आरोपी विजिलेंस की हिरासत में है और उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
मार्च 2027 में होना था सेवानिवृत्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी जेई की सेवानिवृत्ति मार्च 2027 में प्रस्तावित थी। विजिलेंस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि रिश्वतखोरी के नेटवर्क या अन्य संभावित मामलों का भी पता लगाया जा सके। डीएसपी विजिलेंस फिरोज खान ने कहा कि शिकायत के आधार पर ट्रैप कार्रवाई सफलतापूर्वक की गई है। मामले की गहन जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।