शिमला। शहर में बढ़ती गैस सिलिंडरों की किल्लत के बीच अब चोर भी सिलिंडरों को निशाना बनाने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला कसुम्पटी क्षेत्र में पेश आया है। चोरों ने एक घर से दिन दहाड़े गैस सिलिंडर चोरी कर लिया। हैरत इस बात की है कि वहीं महंगा लेपटॉप भी रखा था जिसे चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया है। चोरों ने उस समय इस वारदात को अंजाम दिया जब परिवार मंदिर दर्शन के लिए गया था। चोरों ने घर से सिर्फ घरेलू गैस सिलिंडर ही चुराया जबकि अन्य कीमती सामान को छुआ तक नहीं।
शिकायत के आधार पर कसुम्पटी पुलिस चौकी ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीसी वर्मा जलशक्ति विभाग से एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ कसुम्पटी के हिमुडा कॉलोनी में फ्लैट नंबर एक में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:00 बजे वह और उनकी पत्नी कालीबाड़ी मंदिर दर्शन के लिए गए थे। यहां से दर्शन करने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे जब पहुंचे तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। यह देखकर उनके होश फाख्ता हो गए और वह फौरन भीतर पहुंचे।