शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में समाज के सभी वर्गों के साथ रंगों का त्योहार होली बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर पूरा माहौल भाईचारे और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया, जहां मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कोने-कोने से आए नागरिकों का आत्मीयता से स्वागत किया।
इस उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह त्योहार जाति और पंथ की सभी बाधाओं को तोड़कर आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। मीडिया और आम जनता से बातचीत करते हुए उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रंगों का यह पावन पर्व हर नागरिक के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएगा और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को और अधिक समृद्ध करेगा।
‘ओक ओवर’ में आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक संगीत की धुनों के बीच लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया। मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से आगंतुकों से मुलाकात की और उनके साथ होली की खुशियां बांटीं। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में उत्साह देखा गया और मुख्यमंत्री ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राजभवन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू व राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि, होली सचमुच एकता का त्योहार है और सभी लोग इसे बिना किसी भेदभाव के खेलते हैं । होली के अवसर पर सभी को मेरी शुभकामनाएं… इसे उत्साह और शालीनता के साथ मनाएं।
संजाैली में पर्यटकों व स्थानीय युवाओं ने खूब उड़ाया गुलाल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के कैबिनेट सहयोगी, विधायक, महापौर, महाधिवक्ता, पूर्व विधायक और नगर निगम पार्षद शामिल हुए। साथ ही, वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की और एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की बधाई दी। वहीं शिमला के संजौली में पर्यटकों व और स्थानीय युवाओं ने बड़े जोश के साथ होली मनाई। इस दाैरान युवाओं ने खूब गुलाल उड़ाया और डीजे की धुनों पर जमकर झूमे। समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से इसका एक ड्रोन वीडियो भी जारी किया गया है।
लोगों ने मंदिर में नाटी डाल कर मनाई होली
ज्यूरी के कोटला में देवी सिंहासिनी माता मंदिर में माता की मौजूदगी में ग्रामीणों ने होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाई। त्यावल और कोटला गांव के ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों की धुन में खूब नाटी लगाई। इस दौरान त्यावल मंदिर कमेटी के प्रधान ओम प्रकाश शर्मा, उप प्रधान अमर जीत राणा, सचिव हरि भक्त शर्मा कोटला मंदिर कमेटी के प्रधान मोहन मेहता, उप प्रधान अविनाश सेवगी, सचिव हरीश खन्ना, भंडारी जगदीश वर्मा ,कोषाध्यक्ष सोनू वर्मा सहित दोनों मंदिर कमेटियों के सदस्य और सभी ग्रामीण शामिल हुए।
जोल बाजार में पुष्पवर्षा से स्वागत, पांचवां विराट होली महोत्सव भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न
उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित श्री सुंदर नारायण गुरुकुलम अटया (अम्बेहड़ा धीरज) में पांचवें विराट होली महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पर्व को आध्यात्मिक पुष्प वर्षा से सराबोर कर दिया। होली उत्सव के उपलक्ष्य में पूज्य आचार्य वैष्णव दास, रमेश शास्त्री, कर्नल तरसेम राणा, समाजसेवी योगराज योगी तथा अन्य गुरुकुलम सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बिलासपुर शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित बास्केट बॉल मैदान में यूथ क्लब बिलासपुर की ओर से होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रंगों के इस पर्व को पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया। सुबह से ही मैदान में रंग-बिरंगे गुलाल और अबीर की खुशबू बिखर गई। डीजे पर बज रहे होली के गीतों पर युवा जमकर झूमे और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक और आधुनिक होली गीतों का मिश्रण देखने को मिला, जिससे माहौल पूरी तरह रंगमय हो गया। यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है, जिसे सभी को मिलजुलकर मनाना चाहिए। इस मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। पुलिस बल भी कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहा।