शिमला। राजधानी शिमला के सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल ने पहले ही अपनी हत्या की आशंका जता दी थी। इसको लेकर उन्होंने कई बार सोशल मीडिया पर आकर अपनी बात भी रखीं थी। पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने चार अप्रैल को पत्रकारवार्ता भी की थी। मनीषा ने 112 हेल्पलाइन नंबर और पुलिस से भी संपर्क करके सुरक्षा की मांग की थी। वह कुछ महीनों से स्कूल परिसर में ही रह रहीं थीं। पुलिस अब संपत्ति विवाद समेत आपसी रंजिश और अन्य पहलुओं को लेकर छानबीन कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने स्कूल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं क्राइम सीन को भी पूरी तरह से सील कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा कर्मी की शिकायत पर हत्या की धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक की जांच में पता चला है कि शनिवार शाम 6:00 से 6:30 बजे के बीच वह पास की दुकान से जरूरी सामान लेकर लौट रहीं थीं।
इस दौरान गेट नंबर एक के पास उन पर हमलावरों ने गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया। आसपास के लोगों ने इस दौरान तीन गोलियां चलने की आवाज सुनीं। लोग जब तक घरों से बाहर निकलते हमलावर मौके से भागने में कामयाब हो गए थे। इसके बाद कुछ लोगों ने घटनास्थल के कुछ दूरी से वीडियो भी बनाए। इनके शव के पास ही सामान का पैकेट भी पड़ा था। इसके अलावा उनके पुराने वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता की मौत को भी संदिग्ध बताया था।