Spread the love

भोरंज। थाना भोरंज के तहत पड़ते गांव लजयाणी में पिता-पुत्र के बीच हुए घरेलू विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आई एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 80 वर्षीय रतनी देवी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार रात की है। मंगलवार को मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल लाया गया था। जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार रात उस समय हुई जब 25 वर्षीय बेटे साहिल शर्मा के काम से देर से घर आने को लेकर पिता श्याम लाल ने उसे टोका। उसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद ने झड़प का रूप ले लिया। विवाद बढ़ता देख घर में मौजूद बुजुर्ग महिला श्याम लाल की मां रतनी देवी बीच-बचाव करने पहुंची। बताया जा रहा है कि इसी दौरान धक्का-मुक्की में वह असंतुलित होकर गिर गई।

गिरने से उन्हें गंभीर चोट आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि एंबुलेस को बुलाया गया था लेकिन फिर उसे वापस भेज दिया। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। सोमवार रात करीब 12 बजे पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद घरेलू था और अचानक बढ़ गया। श्याम लाल की तीन बेटियां और एक बेटा है। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे साहिल शर्मा की अभी छह महीने पहले ही शादी हुई है। साहिल शर्मा पिकअप गाड़ी चलाता है। बीते दिन वह काम के सिलसिले में भिड़ा गया था। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।

Leave a Reply