बद्दी। बद्दी के बिलांवाली लबाना में एक प्रवासी युवक के सिर पर वार कर निर्मम हत्या करने का मामला सामने आया है। खून से लथपथ शव मंगलवार सुबह खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव खेत में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस थाना बद्दी में शैलव कुमार द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह मंगलवार सुबह ड्यूटी से लौट रहा था, तभी उसने खेत में लोगों की भीड़ देखी। पास जाकर देखा, तो ओमकार चौधरी का शव जमीन पर पड़ा था, जिसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और आसपास खून फैला हुआ था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार रात ओमकार चौधरी दो अन्य साथियों के साथ उसी स्थान के पास बैठा हुआ था, जहां उनके बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ओमकार चौधरी पुत्र दिलावर सिंह निवासी गांव छितावर कीरतपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों की शिनाख्त कर ली है। गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।