Spread the love

बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन की फार्मा कंपनियों को ड्रग कंट्रोलर बनकर सरकारी कार्रवाई का डर दिखाते हुए लाखों रुपए की ठगी करने और रंगदारी मांगने वाले गिरोह का बद्दी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 हजार रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त वाहन तथा अन्य महत्त्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को बरोटीवाला स्थित एक फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि ने थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ लोग ड्रग कंट्रोलर बनकर कंपनी के अधिकारियों को फोन कर रहे हैं। आरोपियों ने लाइसेंस संबंधी कार्रवाई और कानूनी शिकंजे का भय दिखाकर कंपनी से लाखों रुपए ठग लिए। इसके बाद भी वे लगातार फोन कर और धनराशि की मांग करते रहे तथा रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देते रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बरोटीवाला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की। जांच के दौरान सोमवार को गुरपाल (22) पुत्र जय किशन, निवासी गांव खोखरा, डाकघर नानकपुर, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ड्रग कंट्रोलर बनकर फार्मा कंपनियों के अधिकारियों से संपर्क करता था और सरकारी कार्रवाई का भय दिखाकर मोटी रकम की मांग करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 हजार रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त एचपी-64ए-7859 नंबर का वाहन तथा अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की कुल राशि तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके। उधर, एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने उद्योगों, विशेषकर फार्मा कंपनियों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी अधिकारी बनकर धन की मांग करे या कार्रवाई की धमकी दे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ऐसे संगठित ठगी गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

By admin

Leave a Reply