Spread the love

शिमला। प्रदेश में छह माह में पुलिस ने भारी मात्रा में नशे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने वर्ष 2026 में जनवरी, फरवरी, मार्च, अप्रैल, मई और जून छह महीनों में 176.681 किलो चरस और दस किलो 708 ग्राम चिट्टे की खेप पकड़ी है। हिमाचल प्रदेश में विभिन्न जिलों में छह माह में एनडीपीएस के 1132 मामले दर्ज किए हैं। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2026 में छह माह में 30 जून तक दर्ज किए गए एनडीपीएस के 1132 मामलों में पुलिस ने 1831 पुरुष और 75 महिलाओं को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। प्रदेश में नशा तस्करी के मामलों में पुरुषों के अलावा महिलाएं भी पीछे नही हैं।

2026 में जनवरी से 30 जून तक एनडीपीएस के मामलों में हिमाचल पुलिस ने प्रदेश में 23 किलो से अधिक अफीम, 396 किलो से अधिक भुक्की की खेप पकड़ी है। इसके अलावा पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामलों में दस किलो 708 ग्राम चिट्टे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने प्रदेशभर में 1132 ग्राम स्मैक की खेप पकड़ी है। चरस के मामलों में पुलिस ने प्रदेशभर में 176 किलो से अधिक चरस की खेप पकड़ी है। इसके अलावा 1185897 अफीम के पौधे पकड़े हैं। पुलिस ने एनडीपीएस के मामलों में 40.48 किलो गांजा और 11.75 ग्राम एलएसडी की खेप पकड़ी है। इन मामलों में पुलिस ने 261339 प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की गोलियां और 26748 प्रतिबंधित कैप्सूल भी पकड़े हैं।

किस जिला में कितने केस

एनडीपीएस के मामलों में छह माह में पुलिस जिला में बद्दी में चार माह में एनडीपीएस के 54, बिलासपुर जिला में 118, चंबा जिला में 49, पुलिस जिला देहरा में 38, हमीरपुर जिला में 55, कांगड़ा जिला में 63, किन्नौर जिला में 24, कुल्लू जिला में 99, लाहुल-स्पीति में एक, मंडी जिला में 177, पुलिस जिला नुरपुर में 67, शिमला जिला में 169, सिरमौर जिला में 90, सोलन जिला में 79, ऊना जिला में 48, स्टेट सीआईडी के थाना एक केस दर्ज किया है।

हरियाणा रोडवेज बस में चिट्टे सहित दबोचा युवक

शिमला। शिमला पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत स्पेशल सैल शिमला की टीम ने शोघी के पास हरियाणा रोडवेज की बस की चैकिंग के दौरान एक 18 वर्षीय युवक को नौ ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गत शनिवार को स्पेशल सैल शिमला की टीम शोघी क्षेत्र में नशे की तस्करी पर नजर रखने के लिए वाहनों और बसों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा रोडवेज की एक बस को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने बस में सवार यात्रियों की भी जांच की। इस दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के बैग से नौ ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में की है। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने स्पष्ट किया है कि नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply