Spread the love

शिमला। प्रदेश सरकार ने प्री-2016 सेवानिवृत्त पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए उनके पेंशन संशोधन से जुड़े सभी लंबित एरियर का भुगतान जुलाई, 2026 में करने का फैसला लिया है। वित्त (पेंशन) विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार जुलाई माह में शेष बकाया राशि एकमुश्त जारी की जाएगी, जिससे हजारों पेंशनरों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जुलाई में यह भुगतान होने के बाद प्री-2016 पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के संशोधित पेंशन एरियर का 100 प्रतिशत भुगतान पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही इस श्रेणी के पात्र लाभार्थियों का कोई बकाया एरियर शेष नहीं रहेगा। वित्त विभाग के अनुसार एरियर की अंतिम राशि तय करते समय पहले दी गई अंतरिम राहत की चार किस्तों तथा महंगाई राहत (डीआर) की 12 किस्तों का समायोजन किया जाएगा।

इसके बाद बची शुद्ध राशि ही संबंधित पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को दी जाएगी। यदि किसी लाभार्थी को पहले निर्धारित राशि से अधिक भुगतान हो चुका है, तो उसकी समायोजित वसूली भी एरियर से की जाएगी। इसके बाद शेष बची राशि सीधे लाभार्थी के खाते में जमा की जाएगी। वित्त विभाग ने सभी पेंशन वितरण प्राधिकरणों (पीडीए) और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को निर्देश दिए हैं कि जुलाई 2026 के दौरान एरियर की राशि समयबद्ध तरीके से जारी कर पात्र पेंशनरों तक पहुंचाई जाए।

भुगतान प्रक्रिया में देरी नहीं

वित्त विभाग ने भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न होने पर जोर दिया है। बहरहाल लंबे समय से पेंशन संशोधन एरियर की प्रतीक्षा कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए यह सरकार की यह बड़ी राहत है। इस कदम से पेंशनरों को आर्थिक सहायता मिलेगी और वर्षों से लंबित भुगतान का मामला पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

By admin

Leave a Reply