Spread the love

शिमला | हिमाचल सरकार ने सूचना आयुक्त एवं पूर्व मुख्य सचिव आरडी धीमान को प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह पद पिछले छह महीने से खाली चल रहा था। इसके साथ ही पूर्व आईएएस अधिकारी अमित कश्यप को भी रेरा के सदस्य के रूप में नियुक्ति दी गई है। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।31 दिसंबर, 2024 को श्रीकांत बाल्दी के सेवानिवृत्त होने के बाद अब रेरा को अध्यक्ष मिला है। विदुर मेहता को पहले ही रेरा के सदस्य के रूप में नियुक्त किया जा चुका है। ऐसे में अब रेरा के सभी पद भर दिए गो हैं। बुधवार को आरडी धीमान रेरा अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे। हाईकोर्ट के कड़े निर्देशों के बाद सरकार ने मंगलवार को अध्यक्ष और सदस्य की नियुक्ति की है। बुधवार को प्रदेश सरकार हाईकोर्ट में नियुक्तियों से संबंधित रिपोर्ट दायर करेगी।

यह है रेरा का काम
हिमाचल में काम करने वाले बिल्डरों को अब रेरा में पंजीकरण करवाना होता है। उसके बाद ही बिल्डर हिमाचल में आवासीय कॉलोनियों का निर्माण कर सकते हैं। बिल्डर अगर फ्लैट बेचने में लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हैं, तो पीड़ितों की शिकायत भी रेरा में ही सुनी जाती है। गलती पाए जाने पर बिल्डरों पर जुर्माना लगाया जाता है।
लोगों को समय पर मिलेगा न्याय : धीमान
रेरा के नवनियुक्त अध्यक्ष आरडी धीमान ने कहा कि लोगों को समय पर न्याय दिया जाएगा। हर महीने लोगों की सुनवाई होगी। बिल्डरों को नियमों के तहत कार्य करना होगा। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग और शहरी निकायों के तहत कालोनियों के नक्शों की गंभीरता से जांच की जाएगी। वहीं अमित कश्यप ने कहा कि रेरा में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply