हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत आने वाले कृष्णानगर क्षेत्र के जंगल में युवक का शव बरामद हुआ है। मौत का कारण नशे की ओवरडोज़ मानी जा रही है। शव के पास से पुलिस को नशीली दवाएं भी मिली हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया है तथा मामले में आगामी छानबीन की जा रही है। पुलिस मृतक का ब्लड सैंपल नशे की पुष्टि के लिए फोरेंसिक लैब भेजेगी। पोस्टमार्टम करवाने के साथ ही बिसरा भी जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। युवक (31) निवासी खग्गल जिला हमीरपुर का शव जंगल में शुक्रवार दोपहर बाद करीब चार बजे मिला है। किसी ने इसे बेसुध अवस्था में पड़े हुए देखा तथा पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लिया गया। इस दौरान इसके पास से नशीली दवाइयां भी मिली हैं। माना जा रहा है कि इन नशीली दवाइयों की ओवरडोज़ से ही इसकी मौत हुई होगी। मृतक अपने परिजनों का इकलौता बेटा था। उसकी बहन की शादी पहले ही हो चुकी है। इकलौते बेटे की मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है
सलूणी के नचनोटी में पकड़ा चरस तस्कर
सलूणी। ग्राम पंचायत भडेला के नचनोटी गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दुकान पर छापेमारी के दौरान 494 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत से पुलिस रिमांड पर लेने के बाद चरस खेप की खरीद को लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है।
चंबा जोत में राहगीर चरस सहित गिरफ्तार
चंबा। चंबा-जोत मार्ग पर पुलिस की एसआईयू सैल की टीम ने भटालवां मोड के पास 306 ग्राम चरस की खेप सहित राहगीर को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान दलीप कुमार वासी गांव भराडा तहसील चुराह के तौर पर की गई है। आरोपी के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस आरोपी से चरस खेप की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।