नई दिल्ली। नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भारत सरकार में हिमाचल से जुड़े कई मामले उठाएंगे। मंगलवार सुबह उनका केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मिलने का कार्यक्रम है। इस मुलाकात में कुल्लू, मनाली से लेकर मंडी तक ब्यास नदी की ड्रेजिंग का मसला उठेगा। इस मामले में एक बैठक वीडियो कान्फें्रसिंग के माध्यम से हो चुकी है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री के साथ आपदा प्रभावितों को वन भूमि आबंटित करने के मामले में भी बात की जाएगी। वर्तमान में वन संरक्षण कानून लागू होने के कारण राज्य सरकार के पास इस तरह का अधिकार नहीं है। दिल्ली दौरे के दौरान सबसे अहम मुलाकात मंगलवार शाम को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ रहने वाली है।
मुख्यमंत्री इस मुलाकात में न सिर्फ प्राईड ऑफ हिल्स नाम से शुरू किए गए फंड में और आबंटन की मांग करेंगे, बल्कि प्रधानमंत्री द्वारा आपदा राहत के तहत घोषित 1500 करोड़ रुपए जारी करने के लिए भी बात रखी जा सकती है। केंद्र की ओर से घोषित लोन लिमिट का इस्तेमाल हो जाने के बाद अब अतिरिक्त वित्तीय मदद की जरूरत है। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से भी मुलाकात कर सकते हैं। इन दोनों मुलाकातों के लिए भी एजेंडा अलग से तैयार किया गया है। हालांकि अभी तक संबंधित मंत्रालयों से बैठक की कन्फर्मेशन नहीं थी।
अफसरों की टीम भी साथ
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के साथ इस बार राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों का बड़ा लाव लश्कर दिल्ली गया है। मुख्य सचिव केके पंत, प्रधान सलाहकार रामसुभग सिंह, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर और अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम इत्यादि सभी दिल्ली में हैं। अफसरों को भारत सरकार के मंत्रालयों में मुलाकातों के लिए कागज तैयार करने का काम दिया गया है।
कई मंत्री भी दिल्ली में
मुख्यमंत्री के अलावा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान और कृषि मंत्री चंद्र कुमार भी दिल्ली दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को राहुल गांधी के कार्यक्रम छात्रों की गूंज से संबंधित बैठक के लिए भी बुलाया गया था, लेकिन यह बैठक अब टल गई है। कल शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर साक्षरता दिवस पर भारत सरकार के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस मामले में हिमाचल प्रदेश ने भी अच्छा काम किया है।