Spread the love

ठियोग | मुख्यमंत्री सुक्खू ने ठियोग में एचआरटीसी का सब डिपो और वर्कशॉप खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुराने बस अड्डे के स्थान पर शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला जिला के ठियोग में 14.84 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नए बस अड्डेे तथा 23 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित एपीएमसी फल एवं सब्जी विपणन परिसर शिलारू का लोकार्पण किया। ठियोग में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बस अड्डे में यात्रियों और एचआरटीसी के स्टाफ को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा बस पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा। इस अड्डे के निर्माण से क्षेत्र के लोगों की चिरलंबित मांग पूरी हुई है। उन्होंने ठियोग मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार 1350 करोड़ रुपए आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी पर खर्च करने जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार डॉक्टरों व नर्सों के साथ-साथ रोगी मित्रों की भर्ती करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के किसानों को लाभान्वित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विदेशों से आयात होने वाले सेब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और विधायक कुलदीप राठौर दोनों ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे हैं तथा दोनों ने संगठन को सुदृढ़ किया है। उन्होंने कहा कि ठियोग ने हमेशा ताकतवर नेतृत्व चुना है, इसलिए इस क्षेत्र से हमारा विशेष लगाव है और ठियोगवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुरपन परियोजना प्रदेश की सबसे बड़ी पेयजल योजनाओं में से एक हैं। इस योजना पर 255 करोड़ रुपए व्यय किए जा चुके हैं और योजना को पूरा करने के लिए बाकी 45 करोड़ रुपए भी विभाग के पास उपलब्ध है जल्द ही इस परियोजना को पूर्ण कर लिया जाएगा। ठियोग के बचे हुए वार्डों में भी सीवरेज का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि सरकार के दोनों इंजन यानी मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ठियोग क्षेत्र के विकास को गति प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठियोग पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स का कर्मक्षेत्र रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी इस क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है।

ठियोग से मेरा पुराना नाता

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ठियोग से मेरा पुराना नाता है। छात्र जीवन से लेकर पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स के साथ ठियोग में काम करने का अवसर मिला हैं।’ उन्होंने कहा कि 12 साल से ठियोग बस अड्डा बन रहा था, यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में है। हम प्राथमिकता पर अधूरे कामों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री ही नहीं, वित्त मंत्री भी हूं। मेरा प्रयास रहता है कि प्रदेश के समान विकास के लिए पैसा दिया जाए।’ उन्होंने कहा कि जब 2023 में आपदा आई, तो हमने सडक़े बहाल करने में पूरी ताकत लगा दी। सेब बागबानों को लाभ प्रदान करने के लिए हमने अपने कार्यकाल के पहले साल में ही यूनिवर्सल कार्टन के उपयोग को लागू किया।

By admin

Leave a Reply