शिमला। शिमला पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर चिट्टे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 41.42 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। शिमला पुलिस के स्पेशल सैल की टीम ने गश्त पर संकट मोचन क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि रितिक ठाकुर निवासी गांव छिंद, डाकघर कुपवी तहसील कुपवी जिला शिमला, उम्र 26 वर्ष, चंडीगढ़ से किराए की टैक्सी में शिमला आ रहा है तथा उसके पास चिट्टा हो सकता है। पुलिस टीम द्वारा उक्त टैक्सी को रोककर तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.37 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दूसरे मामले में एक व्यक्ति अपने बैग में हेरोइन/चिट्टा लेकर समिट्री ढली टनल की ओर जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना संजौली की टीम ने समिट्री ढली टनल रोड पर एक रेस्टोरेंट के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति ने अपना नाम रुब्बल जदैईक निवासी गांव पंदरोग, डाकघर पुडग़, कोटखाई जिला शिमला उम्र 32 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से एक पारदर्शी प्लास्टिक पोटली में छुपाकर रखी गई 36.050 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामलों की पुष्टि की है।