शिमला। जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 13.4 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। स्पेशल सैल शिमला की टीम ने इन मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। पहले मामले में स्पेशल सैल शिमला की टीम 12 जुलाई को गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आईएसबीटी क्रॉसिंग स्थित टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन सेंटर के पास एक संदिग्ध युवक को रोका। चैकिंग के दौरान कब्जे से करीब सात ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय रजत नेगी निवासी चिडग़ांव, जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 141/2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। दूसरे मामले में स्पेशल सैल ने आठ जुलाई को शोघी बैरियर पर वाहन जांच अभियान के दौरान चंडीगढ़-शिमला-थानाधार रूट की एचआरटीसी बस की तलाशी ली। जांच के दौरान एक यात्री के बैग से 6.4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अनुज राजटा 19 वर्ष पुत्र सुरेंद्र राजटा, निवासी कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।